Header Ads

🚨 रामगढ़ घाटी में 260 पहियों वाली विशाल गाड़ी से लगा जाम, मशीन देखने उमड़ी लोगों की भीड़?

 रामगढ़ से बड़ी खबर है। 



रांची-हजारीबाग रोड पर गुरुवार को उस वक्त लोगों की नजरें सड़क पर टिक गईं, जब 260 से अधिक पहियों वाली एक विशाल गाड़ी पर बड़ी मशीन लादकर ले जाई जा रही थी।

सुबह से शुरू हुई इस विशेष वाहन की यात्रा करीब 10 बजे रामगढ़ घाटी पहुंची। जैसे ही भारी-भरकम वाहन घाटी में दाखिल हुआ, सड़क पर वाहनों की रफ्तार थमने लगी और जाम की स्थिति बन गई।

10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार

विशाल वाहन की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इसके पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहन का आकार इतना बड़ा था कि दूसरी गाड़ियों के लिए उसे पार करना भी मुश्किल हो रहा था।

हालात ऐसे बने कि कुछ वाहन चालकों को मजबूरी में रॉन्ग लेन से निकलना पड़ा।

एक लेन में सिमटा यातायात

विशाल वाहन के कारण एनएच-33 के रांची-बरही मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर जैसे ही थोड़ी जगह मिलती, पीछे फंसे वाहन आगे निकलने की कोशिश करते।

दिनभर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मशीन देखने सड़क किनारे जुटे लोग

वहीं, इस विशाल वाहन ने लोगों के बीच कौतूहल भी पैदा कर दिया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग इस 260 से ज्यादा पहियों वाली गाड़ी और उस पर लदी विशाल मशीन को देखने के लिए जमा हो गए।

लोग अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। कई लोगों ने मौके पर ही वीडियो और रील भी बनानी शुरू कर दी।

फिलहाल, इस विशाल वाहन के गुजरने के दौरान रामगढ़ घाटी में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों के लिए यह विशालकाय वाहन दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।

No comments

Powered by Blogger.