Header Ads

जमशेदपुर में रील बनाने के दौरान नदी में बही 13 वर्षीय बच्ची का शव बरामद, परिवार में मातम?


जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के गांधी घाट पर सुवर्णरेखा नदी में शनिवार शाम बह गई 13 वर्षीय पूनम कुमारी उर्फ पूजा का शव रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों ने बरामद कर लिया। बच्ची मोबाइल से वीडियो बनाने के दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई थी। करीब 45 मिनट की तलाश के बाद घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर निर्माणाधीन पुल के पास उसका शव मिला। 


घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों की टीम को तलाश अभियान में लगाया। साकची, मानगो और सीतारामडेरा थाना की पुलिस की मौजूदगी में रविवार सुबह नदी में खोजबीन शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने बच्ची को नदी से बाहर निकाला।

बहन भी नदी के बहाव में बही, अस्पताल में इलाज जारी

पूनम के साथ उसकी बहन आयुषी उर्फ ज्योति भी नदी के बहाव में चली गई थी। हालांकि उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आयुषी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।

200 मीटर दूर चट्टानों के पास मिला शव

स्थानीय गोताखोरों के अनुसार, पूनम का शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर पानी के भीतर एक बड़े चट्टानी हिस्से के पास फंसा मिला। तलाश के दौरान गोताखोरों को बच्ची के हाथ का कुछ हिस्सा दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने पानी में जाकर उसे बाहर निकाला।

प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। हालांकि, परिवार की ओर से पोस्टमार्टम को लेकर आपत्ति जताए जाने की बात सामने आई है।

बेटी का शव देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल

बेटी का शव मिलने के बाद मां राखी देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। रविवार सुबह परिवार के लोग गांधी घाट पहुंचे थे, जहां पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौजूद थी।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने गोताखोरों की मदद की

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी गांधी घाट पहुंचे। उन्होंने बच्ची की तलाश में जुटे स्थानीय गोताखोरों के प्रयास की सराहना की और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के लिए बच्चे को खोना बेहद पीड़ादायक होता है।

सरयू राय ने तत्काल सहायता टीम बनाने की मांग की

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्ची का शव जल्द बरामद किया जा सका। उन्होंने दूसरी बच्ची के बेहतर इलाज पर भी जोर दिया।

सरयू राय ने कहा कि नदी या अन्य आपात घटनाओं से निपटने के लिए प्रशासन को एक ऐसी तत्काल सहायता टीम तैयार करनी चाहिए, जो सूचना मिलते ही बिना देरी के घटनास्थल पर पहुंच सके।

नोट: नदी के तेज बहाव वाले इलाकों में मोबाइल से वीडियो या रील बनाते समय अतिरिक्त सावधानी जरूरी है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से भी ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की जाती रही है। 

No comments

Powered by Blogger.